Janta darbar24 आमला से कमलेश माकोड़े की रिपोर्ट
ग्राम तिरमहू में दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, प्रेम प्रसंग बना विवाद की वजह
आमला (संवाददाता)। ब्लॉक के ग्राम तिरमहू में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। घटना प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना दोपहर लगभग 4:10 बजे की है। देवगांव निवासी दुर्गेश सरले (26) अपने दोस्तों मनोज और नारायण के साथ ग्राम तिरमहू के नहार मोहल्ले में सुनीता बाई के घर के सामने बैठा था। इसी दौरान श्यामलाल उर्फ गोलू घोघड़े, जो कि दुर्गेश का ग्रामवासी है, अपने दो साथियों के साथ सफेद रंग की कार से वहां पहुंचा।
जैसे ही गोलू कार से उतरा, उसने दुर्गेश से कहा – “तू मेरी लड़की से क्यों बात करता है? आज तुझे जान से खत्म कर देता हूं।” यह कहकर उसने अपने पास रखा कट्टा निकाला और दुर्गेश पर गोली चला दी। गोली दुर्गेश की पीठ में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद आरोपी गोलू अपने दोनों साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। दुर्गेश के दोस्तों ने तत्काल डायल 100 पर सूचना दी और घायल को सिविल अस्पताल आमला लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। घायल युवक दुर्गेश और उसके भाई संदीप सरले के बयान ले लिए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।