महिला सशक्तिकरण की ओर एक कदम: महिला दिवस पर आठनेर थाना प्रभारी का सम्मान- आम आदमी पार्टी ब्लॉक आठनेर

महिला सशक्तिकरण की ओर एक कदम: महिला दिवस पर आठनेर थाना प्रभारी का सम्मान- आम आदमी पार्टी ब्लॉक आठनेर

आठनेर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी ब्लॉक आठनेर के सदस्यों ने आठनेर थाना प्रभारी श्रीमती बबीता धुर्वे का भव्य स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम में उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ ही साहस और नारी शक्ति की प्रतीक रानी लक्ष्मीबाई का छायाचित्र भी भेंट किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा और अत्याचार के खिलाफ जागरूकता फैलाना था। आम आदमी पार्टी के सदस्यों ने निवेदन किया कि थाना प्रभारी श्रीमती बबीता धुर्वे महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों और हकों के प्रति जागरूक करें और उन्हें प्रेरित करें कि वे अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाएं।

आठनेर एवं आस-पास के क्षेत्रों में महिलाओं के साथ होने वाली घरेलू हिंसा, शोषण और अपराधों पर रोकथाम के लिए महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की बात प्रमुखता से रखी गई। आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष श्रीराम मानकर ने कहा, ‘महिला दिवस केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाला प्रयास होना चाहिए, जिसमें महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित किया जाए।’

जिला सोशल मीडिया प्रभारी विशाल भालेकर ने बताया कि पार्टी जल्द ही क्षेत्र में महिला सुरक्षा और जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाएगी। वरिष्ठ नेता अशोक सोनारे ने कहा कि समाज में महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और इस दिशा में सभी को मिलकर काम करना होगा।

कार्यक्रम में युवा नेता राकेश चढ़ोकार, पवन गव्हाड़े, मनोहर ऊईके सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। थाना प्रभारी श्रीमती बबीता धुर्वे ने उपस्थित लोगों को आश्वासन दिया कि आठनेर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेगी और महिलाओं को हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिलाओं को उनके कानूनी अधिकार, आत्मरक्षा के उपाय और संकट की स्थिति में त्वरित सहायता के तरीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम का समापन महिलाओं के सम्मान में विशेष संदेश और सभी उपस्थित सदस्यों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

news portal development company in india
marketmystique
Recent Posts